ग्वालियर: ऑक्सीजन सिलेंडर प्लांट में धमाका, पिंटू पार्क इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में हुआ विस्फोट; रिहायसी इलाके के नजदीक हादसा
ग्वालियर के पिंटू पार्क में ऑक्सीजन प्लांट के टैंकर में धमाका हुआ। हादसे में टैंकर और ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए।

Gwalior News: ग्वालियर के पिंटू पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक ऑक्सीजन सिलेंडर प्लांट में जोरदार धमाका हो गया। शिवा कंप्रेस्ड एयर प्रोडक्ट फैक्ट्री परिसर में खड़े गैस टैंकर में हुए विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना तेज था कि टैंकर और उसके पास खड़ा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रिहायशी इलाके के नजदीक है फैक्ट्री
जिस फैक्ट्री में यह हादसा हुआ, वह पिंटू पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में रिहायशी बस्ती के नजदीक स्थित है। धमाके की आवाज सुनकर आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट की तीव्रता और उससे हुए नुकसान को देखकर कई परिवारों में दहशत फैल गई। कुछ लोग एहतियात के तौर पर अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
टैंकर और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त
फैक्ट्री परिसर में खड़े गैस टैंकर में हुए विस्फोट से आसपास खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। धमाके की वजह से टैंकर और पास मौजूद ट्रक के कई हिस्से टूटकर बिखर गए। घटनास्थल पर मलबा और वाहनों के क्षतिग्रस्त हिस्से दिखाई दिए।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट के कारण पास की एक दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई है। हालांकि, फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
एसपी बोलीं- टैंकर में गैस विस्फोट की मिली थी सूचना
ग्वालियर की पुलिस अधीक्षक श्रुति कीर्ति सोमवंशी ने बताया कि एक टैंकर में गैस विस्फोट होने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल मामले की जांच करवाई गई।
उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। विस्फोट के कारण पास की एक दीवार क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्फोट की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फैक्ट्री में टैंकर के अंदर विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों में गैस भंडारण, टैंकरों की सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।






