ग्वालियर में 8वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, कोचिंग से लौटते समय हुआ अपहरण, एक आरोपी ने किया सरेंडर
ग्वालियर में कोचिंग से लौट रही 13 वर्षीय छात्रा के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

Gwalior News: ग्वालियर में 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा कक्षा 8वीं में पढ़ती है और शनिवार दोपहर कोचिंग से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में दो युवकों ने उसे चाकू दिखाकर बाइक पर बैठाया और एक सुनसान मकान में ले गए। और दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एक आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है, जबकि दूसरा फरार है।
कोचिंग से लौटते समय रास्ते में रोका
शिकायत के मुताबिक, छात्रा शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे कोचिंग से घर के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में इमरान खान और आर्यन खान ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने चाकू दिखाकर उसे जबरन बाइक पर बैठाया और अपने साथ ले गए।
सुनसान मकान में वारदात का आरोप
आरोपियों ने छात्रा को मस्जिद के पास स्थित एक सुनसान मकान में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद आरोपी उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को बताई घटना
तय समय पर बेटी के घर नहीं पहुंचने पर उसकी मां ने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद छात्रा बदहवास हालत में घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
एक आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी आर्यन खान को कोर्ट से रिमांड पर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, दूसरे आरोपी इमरान खान की तलाश जारी है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि मामले में एक आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


