किराए के फ्लैट में साइबर ठगी का खेल: ग्वालियर में दो युवक गिरफ्तार, लंदन से क्या है कनेक्शन?
ग्वालियर के एक किराए के फ्लैट से ऐसा साइबर ठगी का नेटवर्क चल रहा था, जिसके तार मुंबई से लेकर लंदन तक जुड़े होने की आशंका है।

Gwalior Cyber Fraud: ग्वालियर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक किराए के फ्लैट में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। बहोड़ापुर थाना पुलिस ने रविवार को छापा मारकर बिहार और ग्वालियर के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार मुंबई में बैठे कथित मास्टरमाइंड ‘हेंड्रिक्स’ से जुड़े मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, वह जिस मोबाइल नंबर से आरोपियों को निर्देश देता था, वह लंदन का है।
किराए के फ्लैट में मिला ठगी का सेटअप
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम वाली गली स्थित अर्जुन पाल के फ्लैट में संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद उपनिरीक्षक अतुल सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को वहां छापा मारा।
पुलिस ने फ्लैट के दो हिस्सों की तलाशी ली। इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए। मौके से दो युवकों को भी पकड़ा गया। उनकी पहचान बिहार निवासी इंदल मुखिया (22) और ग्वालियर के हजीरा निवासी अजय (24) के रूप में हुई है।
पैसों के दांव वाले ऑनलाइन गेम खिलाते थे आरोपी
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक ‘LOTUS-247’ वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन मनी गेम्स संचालित करते थे। इन गेम्स में लोग पैसे लगाते थे। पुलिस को आशंका है कि इसी नेटवर्क के जरिए लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
25 हजार रुपए महीने पर करते थे काम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका बॉस ‘हेंड्रिक्स’ मुंबई में रहता है। वही उन्हें लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और दूसरे लोगों के बैंक खातों का इंतजाम करके देता था। पुलिस के मुताबिक, इन खातों का इस्तेमाल ठगी से जुड़े पैसों के लेनदेन में किए जाने की आशंका है।
आरोपियों ने बताया कि उन्हें इस काम के बदले हर महीने करीब 25 हजार रुपए वेतन मिलता था।
मास्टरमाइंड का मोबाइल नंबर लंदन का मिला
पुलिस के मुताबिक, हेंड्रिक्स अपने साथियों को मोबाइल फोन के जरिए निर्देश देता था। जब पुलिस ने उसके नंबर की जांच की, तो वह यूनाइटेड किंगडम यानी यूके का निकला। नंबर लंदन का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार हेंड्रिक्स मुंबई में रहकर नेटवर्क संचालित कर रहा था। अब जांच की जा रही है कि विदेशी नंबर का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था और इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
बहोड़ापुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, जुआ और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मोबाइल और लैपटॉप की साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक खातों की जांच से ठगी के लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी। मामले में मुंबई से जुड़े कथित मास्टरमाइंड और उसके सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



