शिवपुरी में सिंध नदी में डूबे 15 साल के किशोर का शव मिला, 24 घंटे बाद 500 मीटर दूर बरामद
शिवपुरी में सिंध नदी में नहाते समय तेज बहाव में डूबे 15 वर्षीय किशोर का शव 24 घंटे बाद घटनास्थल से 500 मीटर दूर मिला।
शिवपुरी के सुरवाया थाना क्षेत्र में सिंध नदी में डूबे 15 वर्षीय किशोर का शव करीब 24 घंटे बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया। एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीम ने लगातार तलाश के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर शव को खोज निकाला। किशोर रविवार दोपहर दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, इसी दौरान तेज बहाव में फंसकर डूब गया था।
दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर
ग्राम डबिया निवासी दिनेश (15) पुत्र स्व. प्रकाश आदिवासी रविवार दोपहर करीब 1 बजे दोस्तों के साथ सिंध नदी में नहा रहा था। उसके तीन साथी कुछ दूरी पर मौजूद थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और दिनेश तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।
ग्रामीण ने बचाने की कोशिश की
दिनेश को नदी में डूबता देख एक ग्रामीण ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई, लेकिन वह किशोर तक नहीं पहुंच सका। घटना की सूचना रविवार शाम करीब 5:45 बजे सुरवाया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी के आसपास तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने तक किशोर का पता नहीं चल सका।
बांध के गेट खुलने से बढ़ा नदी का बहाव
बताया गया कि ऊपरी इलाकों में हुई बारिश के कारण रविवार को सिंध नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। इसका असर मड़ीखेड़ा स्थित अटल सागर बांध पर भी पड़ा। जलस्तर बढ़ने के बाद बांध के चार गेट खोलकर पानी छोड़ा गया, जिससे नदी का बहाव और तेज हो गया।
24 घंटे बाद 500 मीटर दूर मिला शव
सोमवार को एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद टीम ने घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर दिनेश का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

