Datia Bypoll Result: दतिया में फिर BJP को शिकस्त, कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने 6056 वोटों से दर्ज की जीत
Datia Election Result: दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों से हरा दिया। नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा।
Datia Election Result: मध्यप्रदेश। दतिया विधानसभा उपचुनाव का नतीजा आ गया है। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है। हालांकि आखिरी दो राउंड की गिनती में बीजेपी ने बढ़त का अंतर काफी कम कर दिया, लेकिन कांग्रेस अपनी जीत बरकरार रखने में सफल रही।
नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी BJP पीछे
इस चुनाव में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। इस बूथ पर कांग्रेस को 291 वोट, जबकि बीजेपी को 264 वोट मिले। यानी कांग्रेस को यहां 27 वोटों की बढ़त मिली।
क्यों हुआ था उपचुनाव?
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराया था।
हार के बाद BJP प्रत्याशी ने क्या कहा?
हार के बाद बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने कहा कि चुनाव में जो परिस्थितियां बनीं, उनकी पार्टी समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा, अगर धुआं उठा है तो कुछ न कुछ आग भी होगी।तिवारी ने अंदरघात के संकेत देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान सामने आई बातों को वह पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के सामने रखेंगे।
जीतू पटवारी ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया की जीत को कांग्रेस की सामूहिक मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की तपस्या और राहुल गांधी के नेतृत्व में जनता के भरोसे की जीत है।
जीत के बाद कांग्रेस में उत्साह
दतिया में जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। वहीं, खंडवा के पंधाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंगोट में 20 से 25 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह पुरनी ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।



.jpg&w=3840&q=75)