अशोकनगर में दो बाइकों की टक्कर, 22 वर्षीय युवक की मौत; हादसे में पत्नी-बच्चे समेत 7 घायल
अशोकनगर में दो बाइकों की टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में पत्नी-बच्चे समेत 7 लोग घायल हुए, एक को भोपाल रेफर किया गया।
अशोकनगर जिले के पिपरई-बांसखेड़ी मार्ग पर बुधवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में छीपोन निवासी 22 वर्षीय करतार अहिरवार की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और एक साल के बेटे समेत कुल 7 लोग घायल हुए हैं। गंभीर घायल शाहबाज खान को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
ससुराल जाते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि करतार अहिरवार अपनी पत्नी अंजली और एक साल के बेटे के साथ बाइक से बांसखेड़ी स्थित ससुराल जा रहा था। इसी दौरान मुंगावली की ओर से आ रही शाहबाज खान की बाइक से उसकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
टक्कर के बाद तीन अन्य लोग भी घायल
हादसे के बाद शाहबाज खान की बाइक पिपरई से मुंगावली की ओर जा रहे तीन अन्य लोगों से भी टकरा गई। इस वजह से हादसे में घायल लोगों की संख्या बढ़कर 7 हो गई। इनमें कुछ लोगों को फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। करतार की पत्नी अंजली और उसके एक साल के बेटे को भी चोटें आई हैं।
मुंगावली अस्पताल में कराया इलाज
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मुंगावली अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद शाहबाज खान की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज मुंगावली अस्पताल में किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे में जान गंवाने वाले करतार अहिरवार के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


.jpg&w=3840&q=75)
